शिवपुरी: शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नोहरी इलाके में हुए इस विवाद के दौरान एक पक्ष ने पथराव किया, जबकि दूसरे पक्ष के आरोपी ने देशी कट्टे से हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। नोहरी इलाके में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी मिंटू बघेल पिता अजय प्रताप बघेल ने देसी कट्टे से हवाई फायरिंग कर दी। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से पथराव भी किया गया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक बघेल और मिंटू बघेल, दोनों निवासी नोहरी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया गया। इसी दौरान पुलिस ने एक शातिर चोर मुन्ना शर्मा और छेड़छाड़ के एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया।
चारों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों का सार्वजनिक रूप से जुलूस निकालकर यह संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
