जबलपुर: जिला पंचायत जबलपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गेहलोत द्वारा 24 दिसंबर 2025 को जनपद पंचायत जबलपुर अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सगड़ा झपनी में प्रस्तावित नर्मदा परिक्रमा पथ के आश्रय स्थल हेतु चयनित भूमि एवं वृक्षारोपण कार्य का अवलोकन किया गया।
सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात ग्राम पंचायत बन्दरकोला में शासन की महत्वपूर्ण योजना एक बगिया माँ के नाम के अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया गया तथा हितग्राही से संवाद कर योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई।
सीईओ ने जबलपुर–नागपुर रोड स्थित ग्राम पंचायत मंगेला एवं घंसौर में प्रस्तावित दीदी कैफे के निर्माण स्थलों का भी निरीक्षण किया और कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा जबलपुर के कार्यपालन यंत्री, जनपद पंचायत के सहायक यंत्री, उपयंत्री, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव/सहायक सचिव एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
