भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जारी एक वीडियो संदेश में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मध्यप्रदेश में स्वागत किया। उन्होंने बताया कि अमित शाह आज रात ग्वालियर पहुंच रहे हैं, जहां भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि अटल जयंती के मौके पर प्रदेश के युवाओं, गरीबों, महिलाओं और किसानों के हित में लगभग दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के उद्योग और व्यवसाय से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन वर्ष 2025 के उस संकल्प का प्रतीक होगा, जिसमें मध्यप्रदेश को देश और विदेश में निवेश व विकास का केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल जमीन से जुड़े सभी वर्गों की प्रगति और आर्थिक समृद्धि को गति देगी। उन्होंने इसे देश में पहली बार मध्यप्रदेश में अटल जयंती को इस रूप में सार्थक बनाने का निर्णय बताया और कार्यक्रम के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
