इंदौर:नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. हीरानगर थाना क्षेत्र के गौरी नगर में हुई युवती की मौत को पुलिस ने दहेज प्रताड़ना से जुड़ा पाया है. जांच के आधार पर पति और सास के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है.गौरी नगर निवासी 21 वर्षीय पायल पति हेमप्रकाश जादम ने 21 दिसंबर को अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया था.
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा होने के चलते पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. मर्ग जांच एसीपी रुबिना मिजवानी द्वारा की गई. जांच के दौरान मायके पक्ष के बयान और एकत्रित साक्ष्यों से सामने आया कि शादी के बाद से ही पायल को ससुराल में दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.
पति और सास उस पर कम दहेज लाने और अपनी पसंद का सामान नहीं मिलने को लेकर मानसिक दबाव बनाते थे. जांच में यह भी सामने आया कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे वह गहरे तनाव में रहने लगी थी. पुलिस जांच में यह निष्कर्ष निकला कि लगातार प्रताड़ना के चलते पायल ने जहर खाकर आत्मघाती कदम उठाया. जांच रिपोर्ट के आधार पर हीरानगर पुलिस ने आरोपी पति हेमप्रकाश जादम और उसकी सास के खिलाफ दहेज हत्या व प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
