इंदौर: शहर में एटीएम को निशाना बनाकर चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है. बदमाशों ने एटीएम मशीन में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और सुरक्षा उपकरणों को नुकसान पहुंचाया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.घटना तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के असरावद फाटा पर स्थित एटीएम की है.
यह एटीएम ‘इंडिया वन’ कंपनी का है. कंपनी के अधिकारी अमित बाहेती पिता रामचंद्र बाहेती निवासी सुदामा नगर ने शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर को दोपहर करीब एक बजे वे एटीएम की नियमित जांच के लिए पहुंचे थे. मौके पर पहुंचते ही देखा कि मशीन के साथ गंभीर छेड़छाड़ की गई है.फरियादी ने पुलिस को बताया कि कोई अज्ञात बदमाशों ने चोरी की नीयत से एटीएम का हैंडल, की-पैड लॉक और डोर लॉक तोड़ दिया था.
इसके अलावा पहचान छिपाने के उद्देश्य से एटीएम के भीतर लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर दिया था. घटना की जानकारी तुरंत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर तेजाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज किया. पुलिस अब एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
