सतना: कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जिले में सभी भवन विहीन प्राथमिक स्कूलों के भवन निर्माण की तकनीकी स्वीकृति प्राप्त कर भवन निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृतियां जारी करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि 20 से कम छात्र संख्या वाली शालाओं के लिए भवन स्वीकृत नहीं करें, बल्कि इन स्कूलों में युक्ति-युक्तकरण की कार्यवाही करें।
सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में सीएम हेल्पलाइन, समय-सीमा पत्रकों तथा अंतरविभागीय समन्वय के मुद्दों पर कलेक्टर ने समीक्षा की। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ तथा विभाग प्रमुख जिला अधिकारी उपस्थित थे।समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में डीपीसी विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 67 शालायें ऐसी है, जिनमें भवन है, लेकिन छात्र संख्या अतिन्यून या शून्य है। जबकि 60 स्कूल ऐसे है, जिनमें भवन की आवश्यकता है।
जिले में 30 स्कूल ऐसे है, जहां शिक्षक नहीं है, यहां अतिथि शिक्षकों से काम लिया जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से संकुल स्तर से शिक्षकों की अधिक संख्या दिखाकर ट्रांसफर कर देने से कई शालायें शिक्षक विहीन हो गई है। कलेक्टर ने कहा कि 20 से कम छात्र संख्या वाली स्कूलों में शिक्षकों और छात्र विहीन शालाओं तथा भवन विहीन शालाओं का युक्ति-युक्तकरण करें। पोर्टल पर गलत संख्या दर्ज कराने वाले संकुल प्राचार्य पर कार्यवाही करें। जिला शिक्षा अधिकारी कंचन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 78 प्रतिशत लोक सेवकों द्वारा ई-अटेंण्डेंस लगाई जा रही है।
