
शाजापुर। जिले की पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए पूरी रात कांबिंग गश्त की.इस दौरान पुलिस ने सडक़ पर चलने वाले वाहनों की चेकिंग की. वहीं वारंटियों की धरपकड़ भी की. इस अभियान में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिस बल सक्रिय रूप से शामिल रहे. अभियान से पूर्व सभी पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए ब्रीफिंग कर रवाना किया गया. वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वयं रातभर विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर अभियान की सतत निगरानी की गई. इस दौरान पुलिस ने 37 स्थायी वारंटी एवं 72 गिरफ्तारी वारंटों की तामील किया, 03 जिला बदर अपराधियों एवं 125 गुण्डा हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की सघन चेकिंग की. पुलिस ने आबकारी एक्ट के अंतर्गत 02 प्रकरण भी दर्ज किए. इसके अलावा जिले की 34 होटल, लाज,ढाबा एवं धर्मशालाओं की जांच भी की ताकि आपराधिक तत्वों की धरपकड़ की जा सके. पुलिस ने बैंक, एटीएम एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता एवं निगरानी भी की. गश्त के दौरान पुलिस टीमों द्वारा सक्रिय बदमाशों, हाल ही में जेल से रिहा अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई कि वे इन दिनों कहां सक्रिय है. साथ ही उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.अभियान के अंतर्गत गुण्डा एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकार्ड को अद्यतन करते हुए उन पर सतत निगरानी की कार्यवाही की गई.
300 से अधिक पुलिसकर्मी हुए शामिल
इस अभियान में जिले भर के 300 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल हुए जिन्होंने पूरी रात जिले में गश्त करते हुए लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास जगाया. इस दौरान पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में भी निगरानी की और नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया ताकि नगरवासी चैन की नींद सो सकें. पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने बताया कि शाजापुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है. अपराधियों पर निरंतर निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने हेतु ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे.
