आईटी सेक्टर में भारी बिकवाली, सेंसेक्स एक हजार अंक लुढ़का

मुंबई, 24 अप्रैल (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को आईटी सेक्टर की कंपनियों में तेज बिकवाली देखी गयी जिससे सकल निवेश धारणा प्रभावित हुई और बीएसई का सेंसेक्स एक हजार अंक टूट गया। सेंसेक्स सुबह 180 अंक नीचे खुला और एक समय 1,260 अंक गिर गया था। अंत में यह 999.79 अंक (1.29 प्रतिशत) की गिरावट में 76,664.21 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में सबसे ज्यादा नुकासान उठाने वाली चारों कंपनियां आईटी सेक्टर से हैं। इंफोसिस का शेयर सात प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में तकरीबन छह प्रतिशत, टीसीएस में पौने पांच प्रतिशत और टेक महिंद्रा में चार प्रतिशत के आसपास गिरावट रही।

आईटी कंपनियों में गिरावट की मुख्य वजह निकट भविष्य के परिदृश्य को लेकर है। इंफोसिस के वित्तीय परिणामों में बताया गया है कि मौजूदा वित्त वर्ष में उसकी राजस्व वृद्धि दर बेहद धीमी रह सकती है। हालांकि पिछली तिमाही का उसका प्रदर्शन अच्छा रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 275.10 अंक यानी 1.14 प्रतिशत नीचे 23,897.95 अंक पर बंद हुआ। चौतरफा बिकवाली के बीच मझौली कंपनियों का मिडकैप-50 सूचकांक 1.15 अंक और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.96 प्रतिशत गिर गया।

आईटी सेक्टर का सूचकांक 5.29 प्रतिशत टूट गया। मीडिया, फार्मा, रियलटी और स्वास्थ्य सेक्टरों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत तक फिसल गये। बैंकिंग, वित्त, एफएमसीजी, तेल एवं गैस और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों पर भी काफी दबाव रहा। सेंसेक्स में आईटी कंपनियों के अलावा सनफार्मा का शेयर साढ़े तीन फीसदी से अधिक टूट गया। एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर, बीईएल, आईटीसी, इटरनल, भारती एयरटेल, एलएंडटी, बजाज फिनसर्व और टाइटन के शेयरों में एक से दो प्रतिशत तक गिरावट रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडिगो, पावरग्रिड, अडानी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक और टाटा स्टील के शेयर भी लाल निशान में रहे।
ट्रेंट, बजाज फाइनेंस और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर ऊपर बंद हुए।

Next Post

डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैम्पियनशिप में अक्षय शर्मा ने पांच साल बाद जीता खिताब

Fri Apr 24 , 2026
नूंह (हरियाणा), 24 अप्रैल (वार्ता) चंडीगढ़ के अक्षय शर्मा ने आठ अंडर 64 का बिना किसी बोगी का शानदार स्कोर बनाकर हरियाणा के नूंह स्थित क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले गए 1 करोड़ रुपये इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया। यह उनका […]

You May Like