
केवलारी। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान केवलारी में एक वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एचआईवी, एड्स के प्रति समाज को जागरूक करना था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान की सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एचआईवी, एड्स से संबंधित जन-जागरूकता पर आधारित रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए बीमारी के बचाव और रोकथाम के संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण समझाइश :
जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा एचआईवी, एड्स एवं सिफलिस से संबंधित महत्वपूर्ण समझाइश दी गई। उन्होंने बीमारी के संक्रमण के तरीकों, उपचार, और बचाव पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने बताया कि एचआईवी/एड्स की अधिक जानकारी और परामर्श के लिए राष्ट्रीय हेल्प लाइन नंबर 1097 उपलब्ध है। साथ ही, एचआईवी, एड्स अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के बारे में भी बताया गया।
इनकी रही उपस्थिति :
कार्यक्रम को सफल बनाने में सिविल अस्पताल केवलारी एवं खंड स्वास्थ्य विभाग की भागीदारी रही। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमृत कुमार लकरा, डॉ. जी लकरा एमओ डॉ. अंकुर उपाध्याय एमओ डॉ. अक्षय अवधवाल एमओ बीपीएम योगेश मंडाले, आरएल ठाकुर प्रभारी बीईई, श्रीमती संजना राय आईसीटीसी काउंसलर, टोपेश पटले आईसीटीसी एलटी एवं सिविल अस्पताल केवलारी के समस्त स्टाफ मौजूद रहे।
