
इंदौर. पलासिया क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने फिंगर प्रिंट के आधार पर खुलासा कर दिया. घटनास्थल से मिले निशानों ने पुराने रिकॉर्ड खंगालते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई. पुलिस ने भोपाल से दो शातिर चोरों को पकड़ा है, जबकि तीसरे आरोपी की हार्ट अटैक से कुछ समय पहले मौत हो चुकी है.
मनोरमागंज स्थित पूर्व जज के रिश्तेदार के घर 13 अक्टूबर को चोरी की वारदात हुई थी. इस मामले में पलासिया पुलिस ने फिंगर प्रिंट विभाग की मदद से आरोपियों की पहचान कर एक प्रेस कॉन्फेंस में खुलासा किया. पुलिस के अनुसार अनुसार वारदात को अब्बू सोहेल शाह निवासी हनुमानगंज भोपाल और उसके साथी मोहम्मद नासिर पुत्र मोहम्मद आरिफ निवासी साउथ एक्स, नई दिल्ली ने अंजाम दिया था. चोरी के बाद दोनों फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में पुलिस ने पहले स्थानीय स्तर पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली. बाद में मुखबिर से मिली सूचना पर टीम भोपाल पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले का तीसरा आरोपी सैय्यद अहमद शाह उर्फ बॉबी उर्फ पम्मी शाह है, जिसकी वारदात के कुछ दिन बाद हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी. परिवार ने पुलिस को बताया कि 13 अक्टूबर की चोरी के एक सप्ताह बाद ही उसकी सांसें थम गईं. चोरी करने के बाद दोनों आरोपियों के पास से करीब सात लाख रुपए के जेवर और चोरी की गई बाइक बरामद की गई है. जेवर को उन्होंने अलग अलग सुनारों के यहां बेच दिया था, हालांकि पुलिस ने अभी सुनारों को आरोपी नहीं बनाया है. मामले में थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह रघुवंसी ने बताया कि आरोपी सैय्यद अहमद शाह के खिलाफ प्रदेश के कई जिलों और अन्य राज्यों में चोरी के करीब 50 से अधिक मामले दर्ज रहे हैं. आरोपी गिरोह ने मनोरमागंज से वारदात के दौरान छोटी ग्वालटोली क्षेत्र से बाइक भी चुराई थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.
