पड़ाना: नगर की आंतरिक सड़क पर पीडब्ल्यूडी द्वारा ठेकेदार के माध्यम से सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. प्रस्तावित 7 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण में वर्षों से बाजार क्षेत्र के दुकानदारों एवं रहवासियों द्वारा किए गए अतिक्रमण बड़ी बाधा बने हुए हैं. अतिक्रमण हटाकर सड़क निर्माण में सहयोग के लिए ग्राम पंचायत पड़ाना ने 11 दिसंबर 2025 को तहसीलदार को पत्र भेजा था.
इसके बाद तहसीलदार आकाश शर्मा ने चार पटवारियों चैनसिंह भिलाला, आत्माराम वर्मा, शहजाद खान एवं अभिषेक खत्री को आंतरिक मार्ग पर चल रहे सीसी सड़क निर्माण कार्य के दौरान अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी सौंपी है. साथ ही चौकी प्रभारी को भी पंचायत को सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं.हालांकि अतिक्रमण हटाए बिना ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है.
संकरी सड़क पर कार्य होने से लोगों को आवागमन में परेशानी और जाम की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है. मगराना रोड चौराहे से मंसूरी मस्जिद तक सड़क का काम पूरा हो चुका है, लेकिन आगे अतिक्रमण के कारण निर्माण रोक दिया गया था.उल्लेखनीय है कि सड़क की चौड़ाई 7 मीटर करने और जल निकासी के लिए नाली निर्माण की मांग को लेकर पहले सारंगपुर एसडीएम, राजगढ़ कलेक्टर एवं भोपाल स्थित संबंधित विभाग में भी शिकायत की जा चुकी है. इस संबंध में ग्राम पंचायत सरपंच गोकुल दुगारिया ने बताया कि जैसे ही राजस्व और पुलिस विभाग का सहयोग मिलेगा, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी
