
भोपाल। विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर 21 दिसंबर को हार्टफुलनेस फाउंडेशन के सहयोग से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा एक व्यापक और अनुकरणीय सामूहिक ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों के थानों में पदस्थ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रत्येक जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों को नोडल अधिकारी तथा प्रत्येक थाने में पुलिस समन्वयक नियुक्त किए गए थे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे से 11.15 बजे तक रिलैक्सेशन, गाइडेड ध्यान और आत्मावलोकन सत्र आयोजित किए गए। ध्यान सत्र का सीधा प्रसारण हार्टफुलनेस मुख्यालय कान्हा शांतिवनम, हैदराबाद से किया गया। वैश्विक स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग एक करोड़ लोगों ने भाग लिया, जबकि मध्यप्रदेश पुलिस के 2800 केंद्रों से 50 हजार से अधिक पुलिसकर्मी जिला, थाना और बीट स्तर तक जूम के माध्यम से जुड़े। यह सहभागिता पुलिस कल्याण के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान मानी जा रही है।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशानुसार 21 दिसंबर 2025 से प्रदेश के सभी पुलिस थानों में साप्ताहिक ध्यान कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया। यह कार्यक्रम फरवरी 2025 में मध्यप्रदेश पुलिस और हार्टफुलनेस संस्था के बीच हुए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इसके तहत थाना, यातायात, महिला थाना, अजाक, अपराध शाखा सहित सभी इकाइयों में प्रत्येक रविवार को नियमित ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान हार्टफुलनेस फाउंडेशन के प्रणेता और वैश्विक आध्यात्मिक मार्गदर्शक पूज्य दाजी ने मध्यप्रदेश पुलिस में साप्ताहिक ध्यान को और सुदृढ़ करने की दिशा में पुलिस थानों और पुलिस लाइनों में 1200 रिलैक्सेशन एवं मेडिटेशन सेंटर्स प्रारंभ करने की घोषणा की।
शुभारंभ अवसर पर आयोजित ऑनलाइन सामूहिक ध्यान सत्र में प्रातः 9.30 बजे से चरणबद्ध रूप से मार्गदर्शन, ध्यान प्रक्रिया की सरल विधियां, रिलैक्सेशन अभ्यास, कान्हा शांतिवनम से लाइव ध्यान सत्र, मुख्यमंत्री का प्रेरक संदेश और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम के आरंभ में पुलिस मुख्यालय से उप पुलिस महानिरीक्षक विनीत कपूर ने ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा से जोड़ा। उन्होंने कहा कि नियमित ध्यान पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता, मानसिक संतुलन, निर्णय क्षमता और तनाव प्रबंधन में सहायक सिद्ध होता है।
विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर रात्रि 8 बजे हार्टफुलनेस के ग्लोबल गाइड पूज्य दाजी द्वारा 20 मिनट का निःशुल्क वैश्विक ऑनलाइन ध्यान सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक और पुलिसकर्मी सहभागिता करेंगे। यह सामूहिक ध्यान कार्यक्रम पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मसंयम और सकारात्मक सोच को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ठोस पहल माना जा रहा है, जिससे प्रभावी, संवेदनशील और जनोन्मुखी पुलिसिंग को नई मजबूती मिलेगी।
