
सलामतपुर। रायसेन जिले के सांची विकासखंड की सरार पंचायत अंतर्गत ग्राम बरजोरपुर में सड़क के बीच बना तालाबनुमा गड्ढा लंबे समय से ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। करीब दो वर्षों तक इस गड्ढे में पानी भरा रहने से राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। मीडिया में मामला सामने आने के बाद पंचायत द्वारा गड्ढे में मिट्टी व अन्य सामग्री डालकर उसे भर दिया गया, लेकिन यह उपाय भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं बन सका।
मिट्टी भरने के बाद सड़क पर अत्यधिक फिसलन हो गई, जिससे ग्राम करैया निवासी कल्लू मीणा बाइक से गुजरते समय फिसलकर गिर पड़े। इस दुर्घटना में उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी भराव से हादसों का खतरा और बढ़ गया है। उन्होंने संबंधित स्थान पर सीसी सड़क निर्माण की मांग की है। वहीं, रहवासियों ने रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा से समस्या का शीघ्र और स्थायी समाधान करने की अपील की है।
