
अशोकनगर। जिले के सट्टा किंग कहे जाने वाले आजाद खान और उसके परिवार पर जिला प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है, जहां सट्टा किंग आजाद पूर्व के एक मामले में सलाखों के पीछे है, तो वहीं उसके परिवार द्वारा किये गये अतिक्रमण पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाया गया, जिसके चलते देखते ही देखते उसका फार्म हाउस चंद मिनिटों में धराशाई हो गया। प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई में बताया गया है कि सट्टा किंग की मां द्वारा कोलुआ स्थित भूमि पर पंचायत से बिना अनुमति लिये निर्माण कर लिया था, जिसके चलते उस पर यह कार्रवाई की गई है।
दरअसल ग्राम कोलुआ स्थित भूमि सर्वे कमांक 262, 221, 216, 222 कुल रकबा 0.4930 हे. भूमि पर शहनाज बानो
पत्नि अलीम खांन निवासी वार्ड नंबर 10 संजय स्टेडियम के पीछे अशोकनगर द्वारा ग्राम पंचायत से अनुमति लिये बिना एवं लोक निर्माण विभाग के निधारित मानकों
के अनुसार तथा उक्त भूमि का व्यय वर्तमन कराये बिना ही फॉर्म हाउस का निर्माण किया गया। जिसके संबंध में न्यायालय अतिरिक्त तहसीलदार एवं अनुविभागीय
अधिकारी लोक निर्माण विभाग, उप संभाग अशोकनगर के द्वारा 1 दिसंबर 2025, 15 दिसंबर 2025, 18 दिसंबर 2025 से विधिवत सूचना पत्र जारी कर अतिक्रमण हटाने हेतु पर्याप्त समय दिया गया था। वहीं न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अशोकनगर द्वारा 16 दिसंबर 2025 को भूमि व्यवर्तन में नोटिस जारी कर 19 दिसंबर 2025 तक जबाव चाहा गया। नोटिस के संबंध में अतिक्रमणकर्ता द्वारा स्वीकार किया गया कि मेरे द्वारा उक्त भूमि का आवासीय व्यवर्तन नहीं कराया गया एवं मप्र ग्राम पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम के तहत अतिक्रमणकर्ता द्वारा भवन निर्माण करने हेतु ग्राम पंचायत द्वारा कोई अनुमति नहीं ली गई। ग्राम पंचायत कोलुआ द्वारा बिना अनुमति के किये गये अवैध निर्माण के संबंध में सूचना पत्र जारी किये गये एवं अवैध निर्माण एवं
अतिक्रमण को हटाने हेतु पर्याप्त समय दिया गया। किन्तु अतिक्रमणकर्ता द्वारा अतिक्रमण न हटाने के कारण शानिवार जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण हटाया गया।
चंद मिनटों में ढह गई बिल्डिंग :
सट्टा किंग आजाद खान के विरूद्ध लगातार कार्रवाई को देखने को मिल रहीं है, इसी कड़ी में शनिवार को जिला प्रशासन द्वारा उसके अवैध फार्म हाउस बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के लिए लोक निर्माण विभाग, पंचायत विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के सयुंक्त टीम कोलुआ गांव स्थित उसके फार्म हाउस पर पहुंची, जहां जेसीबी की मद्द से फार्म हाउस रूपी बिल्डिंग को चंद मिनटों में ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान जहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, तो वहीं मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी देखी गई।
