इटारसी। नारी जागृति मंच, इटारसी द्वारा जिला बैतूल के चिचोली विकासखंड के टांडाजोड़ क्षेत्र सहित दुर्गम आदिवासी अंचलों में व्यापक वस्त्र एवं सामग्री वितरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत टांडाजोड़, मुंडाभूरु, ढेगा, रबांग, मालीखेड़ा, बाला डोंगरी सहित कुल 17 गांवों के जरूरतमंद आदिवासी और श्रमिक परिवारों को वस्त्र, गर्म कपड़े, कंबल, छाते, जूते-चप्पल, बर्तन व दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई। मंच की संयोजिका विद्या मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक 21 गांवों में सेवा कार्य संपन्न हो चुका है। दुर्गम जंगलों और पथरीले रास्तों के बावजूद टीम ने सेवा भावना से कार्य किया। गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक लोकनृत्य से स्वागत कर ‘अतिथि देवो भव’ की जीवंत परंपरा का परिचय दिया। यह अभियान सामाजिक संवेदना और मानवता का प्रेरक उदाहरण बना।
