
सीधी। जिले में 6 लाख क्विंटल से अधिक उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी हो चुकी है। वहीं 2 लाख क्विंटल से अधिक धान का परिवहन तथा 23 करोड़ से अधिक राशि का कृषकों को भुगतान किया जा चुका है।
गौरतलब है कि सीधी जिले में धान खरीदी का सिलसिला 1 दिसम्बर 2025 से औपचारिक रूप से किया गया। धान खरीदी के गति में तेजी एक सप्ताह बाद आना परिलक्षित हुई। आरंभ में जहां 39 उपार्जन केन्द्र बनाये गये थे उनकी संख्या अब बढक़र 49 हो गई है। सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी का कार्य इन दिनों काफी तेजी से चल रही है। सीधी जिले में धान बिक्री के लिये कुल पंजीकृत कृषकों की संख्या 30679 है। 20 दिसम्बर 2025 की स्थिति में स्लाट बुकिंग की संख्या 26006 है। वहीं कुल उपार्जित मात्रा 628526.80 क्विंटल वहीं उपार्जन केन्द्रों में रेडी टू ट्रांसपोर्ट धान 456113.54 क्विंटल है। किसानों से अभी तक खरीदी गई धान में 148.90 करोड़ को भुगतान होना है जिसमें 23.52 करोड़ का भुगतान किसानों को बैंक खाते के माध्यम से किया जा चुका है। सीधी जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिये सभी आवश्यक इंतजाम किये गये हैं। शीत ऋतु के चलते अलाव की व्यवस्था भी उपार्जन केन्द्रों में बनाई गई है, जिससे किसानों को किसी तरह की असुविधा ना होगा। वहीं पर्याप्त संख्या में वारदाना एवं कांटों की व्यवस्था भी कई है। जिससे किसानों को उपार्जन केन्द्र में आने के बाद धान की तौल कराने में ज्यादा समय न लगे।
जिला आपूर्ति अधिकारी धान उठाव की सतत कर रही मानीटरिंग
जिला आपूर्ति अधिकारी प्रियल यादव द्वारा उपार्जन केन्द्रों में धान उठाव की सतत मानीटरिंग कर रही हैं। धान उपार्जन केन्द्रों में खरीदी के पश्चात धान का उठाव जल्द से जल्द हो इसके लिये सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाई गई हैं। उपार्जन केन्द्र प्रभारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वह खरीदी गई धान को परिवहन के लिये पूरी तरह से तैयार करके रखें। जिससे वाहन आने पर लोडिंग का कार्य समय पर पूरा किया जा सके। उपार्जन केन्द्रों में धान की लोडिंग करने के लिये पर्याप्त श्रमिकों की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये गये।
