छतरपुर। जिले में भू-माफियाओं का एक बड़ा खेल सामने आ रहा है। मेडिकल कॉलेज के पास कैंडी ब्रिज क्षेत्र में स्थित बहुमूल्य सरकारी जमीन पर अवैध रूप से दुकानें बनाई जा रही हैं। आरोप है कि करोड़ों रुपये की इस शासकीय भूमि पर कब्जा कर रातों-रात निर्माण खड़ा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय नाले और उससे लगी सरकारी जमीन की अवैध फिलिंग कर दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा काम खुलेआम चल रहा है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।
सूत्रों का कहना है कि इन अवैध निर्माणों में आईपीएल सट्टे से अर्जित अवैध कमाई का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस मामले में छतरपुर के एक बड़े सट्टेबाज का नाम भी सामने आ रहा है, जिससे मामला और भी गंभीर होता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे भू-माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पूरी तरह अतिक्रमण की भेंट चढ़ सकती है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस अवैध कब्जे पर कार्रवाई करेगा या फिर भू-माफिया यूं ही सरकारी जमीन को हड़पते रहेंगे।
