आष्टा। क्षेत्र के फर्जी झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग द्वारा बड़ी और सख्त कार्रवाई की गई. मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में गठित निरीक्षण दल ने एक साथ ग्राम भोंरा, बड़ोदिया गाडरी एवं खाचरोद में छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
कार्रवाई के दौरान दो फर्जी क्लिनिकों को सील किया गया, वहीं अन्य संदिग्ध चिकित्सकों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किए गए। निरीक्षण दल द्वारा ग्राम भोंरा में संचालित फर्जी बंगाली चिकित्सक अभिजीत टिकाकर के क्लिनिक को बंद कराया गया. ग्राम खाचरोद में संचालित डॉक्टर एसआई अली निरीक्षण दल को देखकर क्लिनिक छोड़कर चले गए. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनके क्लिनिक को बंद करते हुए नियमानुसार नोटिस चस्पा किया.
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी चिकित्सकों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी निर्धारित योग्यता एवं पंजीकृत पद्धति (पैथी) के अतिरिक्त उपचार न करें. साथ ही क्लिनिकों में दवाइयों के अनावश्यक भंडारण पर भी प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए.
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की अचानक जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. विभाग की इस कार्रवाई की भनक लगते ही कई गांवों में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर रहे झोलाछाप डॉक्टर अपनी दुकानें बंद कर वहां से भाग निकले थे.
