
छतरपुर। ओरछा रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारायणपुरा के ग्रामीणों ने मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया। ग्रामीण दोपहर करीब 1:00 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को अपनी समस्या से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के करीब डेढ़ सौ लोगों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हैं, जिससे वे अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी संबंधित विभाग को जानकारी दी गई थी, लेकिन अब तक मतदाता सूची में नाम नहीं जोड़े गए।
ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में आवेदन देकर मांग की है कि शीघ्र जांच कर पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं, ताकि वे आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। प्रशासन की ओर से आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
