भिंड:जिले के फूप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित नसबंदी ऑपरेशन शिविर के दौरान एक महिला की मौत हो गई. ऑपरेशन के समय अचानक तबीयत बिगड़ने पर महिला को जिला अस्पताल भिंड रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है, वहीं परिजनों ने ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. जिले के जोगोहरा गांव की रहने वाली 40 वर्षीय महिला सुखदेवी भदौरिया चार बच्चों की मां थी.
करीब छह महीने पहले उसने तीन बेटियों के बाद एक बेटे को जन्म दिया था. परिवार नियोजन के तहत महिला ने नसबंदी कराने का निर्णय लिया था. इसी क्रम में वह आशा कार्यकर्ता मंजू भदौरिया के साथ फूप सीएचसी में लगाए गए नसबंदी ऑपरेशन शिविर में पहुंची थी. महिला के साथ उसकी देवरानी रेखा भदौरिया भी मौजूद थी. शिविर के दौरान पहले छह महिलाओं के नसबंदी ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए थे.
इसके बाद सातवें नंबर पर सुखदेवी का ऑपरेशन शुरू किया गया. ऑपरेशन भिंड से आए चिकित्सक जे.आर. शाक्य द्वारा किया जा रहा था. ऑपरेशन के दौरान अचानक महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई. हालत गंभीर होने पर महिला को तत्काल ऑपरेशन टेबल से हटाकर सीपीआर दिया गया, लेकिन उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से महिला को जिला अस्पताल भिंड रेफर किया गया. जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया.
