ओमान के साथ मुक्त व्यापार समझौता भारत के श्रम-प्रधान उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण: गोयल

मस्कट / नयी दिल्ली, 17 दिसंबर (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि भारत-ओमान मुक्त व्यापार समझौता कपड़ा, खाद्य प्रसंस्करण, वाहन, रत्न और आभूषण, कृषि रसायन, नवीकरणीय ऊर्जा और वाहनों के कल-पुर्जे बनाने वाले उद्योग जैसे कई क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण अवसर खोलने वाला है जो रोजगार की दृष्टि से अहम हैं।

श्री गोयल ने मस्कट में भारत-ओमान व्यावसायिक फोरम की बैठक को संबोधित किया और ओमान के बाजार की रणनीतिक महत्ता बताते हुए कहा कि यह देश खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी), पूर्वी यूरोप, पश्चिम एशिया और अफ्रीका के प्रवेश द्वार के रूप में है। यहां से भारतीय व्यवसायी के लिए विभिन्न बाजारों में पहुंचना अधिक आसान हो सकता है।

श्री गोयल ने दोनों देशों के बीच आगामी मुक्त व्यापार समझौते को द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया और कहा कि यह लगभग दो दशकों में ओमान का पहला मुक्त व्यापार समझौता होगा।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए ओमान के वाणिज्य, उद्योग और निवेश संवर्धन मंत्री कैस अल यूसुफ ने कहा कि भारत ओमान का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार बनकर उभरा है और ओमान रणनीतिक क्षेत्रों में भारतीय निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य बना हुआ है। उन्होंने कहा कि ओमान में भारतीय निवेश 2020 से तीन गुना से अधिक बढ़कर 5 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है, जो ग्रीन स्टील, ग्रीन अमोनिया, एल्यूमीनियम विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह निवेश ओमान को एक दीर्घकालिक परिचालन आधार के रूप में भारत के विश्वास को दर्शाते हैं।

 

 

Next Post

पांच दिन की गिरावट से उबरा रुपया, 56 पैसे मजबूत

Wed Dec 17 , 2025
मुंबई, 17 दिसंबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया पांच दिन की गिरावट से उबरता हुआ बुधवार को जबरदस्त उतार-चढ़ाव के बाद 55.75 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 90.38 रुपये का बोला गया। भारतीय मुद्रा इससे पहले पांच दिन में 106 पैसे टूटी थी। मंगलवार […]

You May Like

Play sound