भोपाल: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक भोपाल में मंगलवार को 63 वां केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) स्थापना दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, पूर्व छात्र, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं गणमान्य अतिथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय संगठन भोपाल संभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती निर्मला बुडानिया रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में आयकर आयुक्त एवं विद्यालय के पूर्व छात्र राजकुमार घोष उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। प्राचार्य गौरव कुमार द्विवेदी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों का हरित पादप भेंट कर सम्मान किया।
विशिष्ट अतिथि राजकुमार घोष ने विद्यालय से जुड़ी स्मृतियां साझा करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में गुरु एवं विद्यालय की भूमिका से अवगत कराया। सेवानिवृत्त उपप्राचार्य श्रीमती कमलजीत ने केंद्रीय विद्यालय संगठन की समृद्ध शैक्षिक परंपरा पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्रीमती निर्मला बुडानिया ने अपने संबोधन में केवीएस की शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक महत्ता को रेखांकित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और मैं केंद्रीय विद्यालय हूं थीम पर आधारित नाट्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती माधुरी राजगुरू एवं श्रीमती ऋचा मिश्रा ने किया। अंत में उपप्राचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ आयोजन का समापन हुआ
