नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ गेहूं, चीनी और दालों में भी तेजी देखी गयी। खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 15 रुपये बढ़कर 3,857 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं आठ रुपये महंगा हुआ और 2,860 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत छह रुपये बढ़ गयी।
दाल-दलहनों में तेजी रही। उड़द दाल 27 रुपये और मूंग दाल 25 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। चना दाल की कीमत भी 25 रुपये बढ़ी जबकि तुअर दाल 12 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गयी। वहीं, मसूर दाल का भाव कमोबेश गत दिवस के स्तर पर टिका रहा।
विदेशों में बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मार्च वायदा 52 रिंगिट फिसलकर 3,961 रिंगिट प्रति टन रह गया। जनवरी का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 1.02 प्रतिशत गिरकर में 49.50 डॉलर के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल औसतन 19 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया। अन्य खाद्य तेलों में तेजी रही। सोया तेल 43 रुपये और सरसों तेल 37 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सूरजमुखी तेल की कीमत 28 रुपये और वनस्पति की 22 रुपये बढ़ी। पाम ऑयल भी 12 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गया।
मीठे के बाजार में आज गुड़ की औसत कीमत 13 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चीनी भी सात रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
