बारामूला से आईपीएल तक : आकिब नबी को दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा

श्रीनगर, 16 दिसंबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के प्रतिभावान तेज़ गेंदबाज़ आकिब नबी ने आईपीएल 2026 मिनी-ऑक्शन में इतिहास रच दिया जब दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। सिर्फ़ 30 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे नबी को हासिल करने के लिये दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद तीनों ने बोली लगायी, लेकिन आखिर में कैपिटल्स ने बाजी मार ली।

बारामूला में चार नवंबर 1996 को जन्मे नबी एक मध्यम वर्गीय परिवार से हैं। उनके पिता गुलाम नबी डार एक सरकारी स्कूल में अंग्रेज़ी पढ़ाते हैं। वह शुरू में चाहते थे कि उनका बेटा डॉक्टर बने, लेकिन क्रिकेट के प्रति आकिब के जुनून ने आखिरकार उन्हें अपने सपने को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

दाएं हाथ के मध्यम तेज़ गेंदबाज़ आकिब नबी स्विंग, लाइन और लेंथ पर अपने ज़बरदस्त नियंत्रण और गेंद को दोनों तरफ़ स्विंग कराने की काबिलियत के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपना गेंदबाज़ी एक्शन साउथ अफ्रीका के महान गेंदबाज़ डेल स्टेन के जैसा बनाया, जिन्हें वह बचपन से ही अपना आदर्श मानते थे।

हाल के सालों में नबी जसप्रीत बुमराह की भी खुलकर तारीफ करते रहे हैं और उन्हें अपनी प्रेरणा बताते हैं। नबी ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत गली क्रिकेट और टेनिस बॉल मैचों से की थी। उस समय बारामूला में सही कोचिंग की सुविधा न होने के कारण उन्होंने 19 साल की उम्र तक लाल गेंद से क्रिकेट खेलना शुरू नहीं किया था। एक दोस्त के साथ जम्मू-कश्मीर ट्रायल्स में सिर्फ़ एक ट्रायल के लिए शामिल होने के दौरान उनका चयन हो गया। यह उनके करियर का एक बेहद अहम मौका साबित हुआ।

उन्होंने 2019-20 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जम्मू और कश्मीर के लिए पदार्पण किया। उन्होंने अब तक 27 टी20 मैचों में 28 विकेट लिये हैं। रणजी ट्रॉफी 2024-25 में वह 44 विकेट लेकर दूसरे सबसे सफल गेंदबाज़ बने, जबकि 2025 दलीप ट्रॉफी में उन्होंने एक ही ओवर में चार गेंदों पर चार विकेट लेकर देशभर में सुर्खियां बटोरीं। ईडन गार्डन्स में 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के खिलाफ 16 रन देकर चार विकेट लेना भी उनके शानदार प्रदर्शन का सबूत है। नबी का आईपीएल में शामिल होना न सिर्फ उनके निजी सफर की सफलता है, बल्कि इसे जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के लिए भी एक ऐतिहासिक पल माना जा रहा है।

 

 

 

Next Post

छत्तीसगढ़ : एक से 10 जनवरी तक होगी राजनांदगांव फुटबॉल लीग

Tue Dec 16 , 2025
राजनांदगांव, 16 दिसंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव के फुटबॉल टूर्नामेंट ‘राजनांदगांव फुटबॉल लीग’ (आरएफएल) 2026 का आयोजन एक से 10 जनवरी 2026 तक स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड में किया जाएगा। यह सात-सात खिलाड़ियों वाली टीमों की फुटबॉल लीग का दूसरा संस्करण है। इसमें जिले की उभरती प्रतिभाओं को अपना […]

You May Like