कोलंबो, (वार्ता) श्रीलंका के सीलोन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने रविवार को जानकारी दी कि कोलंबो बंदरगाह पर पाइपलाइन में रिसाव होने के कारण 200 लीटर से अधिक कच्चा तेल समुद्र में फैल गया।
कंपनी के अनुसार, यह लीक कोलंबो बंदरगाह के पास ईंधन टैंकर से कच्चा तेल उतारने के लिए इस्तेमाल होने वाली पाइपलाइन में पाया गया। प्रभावित पाइपलाइन से ईंधन उतारने का काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया है तथा रिसाव और अधिक तेल फैलाव को रोकने के लिए मरम्मत जारी है।
इस बीच श्रीलंका तटरक्षक बल ने समुद्री पानी में मिल चुके कच्चे तेल को हटाने का अभियान शुरू किया है और प्रभावित क्षेत्रों में सफाई कार्यों को अंजाम देने के लिए एक जहाज की तैनाती की है।श्रीलंका नौसेना भी लीक रोकने और बहाली के प्रयासों में तटरक्षक बल की मदद कर रही है। समुद्री पर्यावरण संरक्षण प्राधिकरण ने बताया कि कच्चे तेल के नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिये गये हैं।
हाल के वर्षों में इन पाइपलाइनों में कई बार तेल का रिसाव हो चुका है।
