
भोपाल। गुनगा थाना इलाके में एक युवक ने अपनी ही पत्नी के भाई की निर्मम तरीके से हत्या कर दी. रविवार को घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है. शव का पीएम कराने के बाद परिजनों को पुलिस ने सौंप दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक इलाके के खादमपुर गांव का रहने वाला 22 वर्षीय मृतक अब्दुल उर्फ अब्दुल्ला खां ट्रक चलाकर अपने परिवार चलाता था. अब्दुल की बहन की शादी कुछ साल पहले आरोपी भूरा खान से हुई थी. शादी के बाद से भूरा और उसकी पत्नी के बीच विवाद चलने की जानकारी सामने आई. शनिवार को भूरा ने अब्दुल से अपनी पत्नी की विदाई को लेकर फोन पर चर्चा की थी. इसी बीच दोनों के बीच विवाद हो गया.
बताया जा रह है कि इस बीच रातीबड़ इलाके के ग्राम डोबरा का रहने वाला आरोपी भूरा गुस्से में देर रात को अपनी ससुरात पहुंच गया. अब्दुल उस वक्त अपने ट्रक की मेंटनेंशस के काम में लगा हुआ था, तभी भूरा ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. घायल के पेट और सीने पर चाकू से गहरा हमला होने के बाद उसे अस्पताल पुहंचाया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी भूरा की तलाश में पुलिस की टीम जुटी है.
