सीहोर। शहर के आवासीय खेल परिसर में सांसद खेल महोत्सव के तहत मंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया.
आयोजन में सांसद आलोक शर्मा भी शामिल हुए और रस्सा कस्सी प्रतियोगिता में युवाओं के साथ रस्सी खीचकर उनका उत्साहवर्धन किया. उन्होंने विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित किया और उन्हें खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित भी किया. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पौधारोपण भी किया. सांसद श्री शर्मा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन नहीं है, बल्कि यह युवाओं में छिपी प्रतिभा को पहचानने, निखारने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खेलों को प्रोत्साहन देने तथा खिलाडिय़ों को आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह महोत्सव एक महत्वपूर्ण पहल है. ग्रामीण अंचलों से निकलकर आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी आज अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं और यही युवा भविष्य में जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे.
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और संघर्ष की सीख भी देता है। मैदान पर जीत और हार दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि असली सफलता आत्मविश्वास और खेल भावना को बनाए रखने में है. सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण खेल संस्कृति को सशक्त बनाते हैं कार्यक्रम पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सीताराम यादव, गौरव सन्नी महाजन, राजकुमार गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी संजय सिंह तोमर, आवासीय प्राचार्य आलोक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और युवा खिलाड़ी उपस्थित थे.
