
ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान में आयोजित पांच दिवसीय आईडीई बूटकैम्प के चौथे दिन प्रतिभागी छात्रों ने न केवल अपने स्टार्टअप विचारों को परिष्कृत किया, बल्कि वित्तीय समझ, उत्पाद डिजाइन तथा प्रभावी प्रस्तुतीकरण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं में भी गहन अंतर्दृष्टि प्राप्त की।
प्रथम सत्र में मास्टर ट्रेनर गौरी गोपीनाथ द्वारा एक इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों के प्रारंभिक प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इसके उपरांत उन्होंने “फाइनेंशियल लिटरेसी” विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। डॉ. वरुण शर्मा, स्टार्टअप मेंटर एवं सहायक प्राध्यापक, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार विभाग, एमआईटीएस द्वारा “डिज़ाइन टू डिलाइट” विषय पर सत्र संचालित किया गया।
दोपहर के सत्र में प्रतिभागियों को विभिन्न समूहों में विभाजित कर स्वयंसेवकों के मार्गदर्शन में एमआईटीएस-डीयू की रोबोटिक्स एवं थ्रीडी प्रिंटिंग प्रयोगशाला का भ्रमण कराया गया। इसी दौरान अन्य समूहों को संस्थान के स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर में अपने कार्यशील वेबसाइट्स प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, जहां डॉ. वरुण शर्मा के मार्गदर्शन में उनके विचारों एवं प्लेटफॉर्म का मूल्यांकन किया गया। गौरी गोपीनाथ द्वारा प्रभावी प्रोजेक्ट प्रस्तुतीकरण पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। बूटकैम्प का अंतिम मूल्यांकन एवं आइडिया प्रेजेंटेशन 24 अप्रैल को एमआईटीएस में आयोजित किया जाएगा।
