सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर सड़क हादसा, स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत 

छतरपुर। सागर–कानपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जवाहर रोड स्थित पंजाब बैंक चौराहे के सामने हुआ, जहां बस स्टैंड की ओर से आ रहे एक ट्रक ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक क्रमांक UP78-CT-6542 तेज रफ्तार में था और उसने आगे चल रही स्कूटी क्रमांक MP13-MA-3234 को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक का पहिया उसके शरीर के ऊपर से निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के सिर में गंभीर चोटें होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

हादसे के बाद जवाहर रोड से महोबा रोड तक दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया।

स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए सड़क की बदहाल स्थिति को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि जवाहर रोड पर दोनों ओर अतिक्रमण फैला हुआ है, जिससे सड़क काफी संकरी हो गई है। इसी कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

Next Post

मप्र भवन की प्रदर्शनी में चमका बालाघाट का चिन्नौर चावल

Sat Dec 13 , 2025
बालाघाट। नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में 12 से 14 दिसंबर तक आयोजित विशेष प्रदर्शनी में बालाघाट जिले का प्रसिद्ध चिन्नौर चावल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ‘एक जिला–एक उत्पाद’ (ODOP) में शामिल चिन्नौर को इस प्रदर्शनी में प्रदर्शन सह बिक्री हेतु रखा गया है, जहां इसकी खुशबू […]

You May Like