विद्युत विभाग के कर्मचारी को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार

सतना: शहर में प्रेम नगर अंडर ब्रिज के निकट विद्युत विभाग के कर्मचारी को गोली मारने की सनसनीखेज घटना में आरोपी उस समय पकड़ में आया जब वह हड़बड़ी में अपना कृत्रिम पैर मौके पर छोड़कर भाग गया. पीड़ित चपरासी पर गोली चलाने के बाद आरोपी एक पैर से भागता दिखा और सीसीटीवी से उसकी पहचान हुई. पुलिस ने नकली पैर और फुटेज की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया.

शहर में गुरुवार शाम हुई गोलीकांड की घटना ने पुलिस और स्थानीय लोगों को चौंका दिया. एक चपरासी पर हुए इस हमले में सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि आरोपी का कृत्रिम पैर मौके पर छूट गया था. चपरासी ने हिम्‍मत दिखाते हुए उससे हथियार और उसका नकली पैर छीन लिया था और पुलिस को सौंप दिया था. यही नकली पैर पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बना और उसी की मदद से आरोपी तक पहुंचने का रास्ता साफ हुआ.

शहर के प्रेमनगर अंडरब्रिज के आसपास रहने वालों ने बताया कि गोली की आवाज के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई थी और बाद में एक व्यक्ति को एक ही पैर के सहारे भागते देखा गया था. पुलिस ने तुरंत इलाके के सीसीटीवी खंगाले और कृत्रिम पैर के मॉडल, साइज और फिटिंग के आधार पर संदिग्धों की जानकारी इकट्ठा करना शुरू किया. पुलिस ने बताया कि पीड़ित रामनरेश वर्मन, जो विद्युत कंपनी में चपरासी के पद पर हैं, रोज की तरह ड्यूटी खत्म कर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे.

तभी आरोपी राजेन्द्र कुमार सोनी ने रास्ते में उन्हें रोककर सीने पर कट्टा तान कर गोली चला दी. रामनरेश गिर पड़े, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उन्होंने कट्टा छीन लिया. इसी संघर्ष के दौरान आरोपी का कृत्रिम पैर उनके हाथ में रह गया. आरोपी एक पैर से लड़खड़ाते हुए भाग निकला और किसी तरह बाइक सवारों से लिफ्ट लेकर दूर निकल गया. पुलिस को जब मौके से कृत्रिम पैर मिला तो यह केस अचानक आसान हो गया. बाद में एक कैमरे में कैद फुटेज सामने आई जिसमें आरोपी एक पैर से तेजी से भागते दिखा. तकनीकी इनपुट और पुराने रिकॉर्ड मिलाकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
ट्रेन में हुआ था सीट विवाद
जांच के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि विवाद की जड़ कुछ दिन पहले ट्रेन में हुई बहस थी. आरोपी ने बताया कि वह यात्रा कर रहा था और रामनरेश से सीट मांगी थी. इस पर दोनों में कहा-सुनी हुई और आरोपी के अनुसार उसे अपशब्द कहकर धक्का दिया गया था. इसी घटना ने राजेन्द्र के भीतर बदला लेने की भावना को जन्म दिया और उसने पीड़ित की रेकी शुरू कर दी. उसने पता कर लिया था कि रामनरेश ड्यूटी खत्म कर रेलवे स्टेशन की ओर जाता है. उसने प्‍लानिंग के तहत हमला किया.
  अस्पताल में उपचार जारी
सीएसपी देवेंद्र सिंह ने बताया कि रामनरेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है. पुलिस बैलिस्टिक जांच कराएगी ताकि कट्टा और फायरिंग के बीच संबंध स्पष्ट हो सके. आरोपी के नेटवर्क और उस रात उसकी मूवमेंट का भी डिजिटल मैप तैयार किया जा रहा है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना में किसी और की भूमिका तो नहीं थी.

Next Post

23 दिसम्बर को होगा मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन

Sat Dec 13 , 2025
सतना: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर के द्वितीय संसोधित कार्यक्रम के तहत 23 दिसम्बर को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जायेगा। कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद की अध्यक्षता में शुक्रवार को सतना कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सायं 7 बजे से आयोजित जिले के […]

You May Like