बीना। मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल कौरव के निर्देशन में लगातार अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जारी है जहां लोगों ने यातायात व्यवस्था में सुधार आने पर राहत की सांस ली वही अतिक्रमण फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कारवाई होने से हड़कंप मचा हुआ है।नगर पालिका ने गांधी तिराहे से महावीर चौक, बड़ी बजरिया और कच्चा रोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। शुरुआत में टीम ने सब्जी-फल विक्रेताओं को ठेले तय सीमा में लगाने की समझाइश दी और पक्के दुकानदारों को सड़क तक सामान नहीं फैलाने की चेतावनी दी।अभियान के दौरान महावीर चौक स्थित बर्तन दुकान संचालक मानक चंद्र जैन ने नगर पालिका की कार्रवाई का विरोध किया।उन्होंने दावा किया कि उनकी दुकान पूरी तरह सीमांकन के अंदर है। विवाद बढ़ने पर नपा अधिकारियों ने उनसे जमीन के दस्तावेज मांगे और मौके पर नपाई कराई। नपाई में खुलासा हुआ कि दुकानदार ने रजिस्ट्री की सीमा से करीब दो फुट आगे सड़क की ओर बढ़ाकर मकान बना लिया है।आवासीय भवन का गोदाम के रूप में उपयोग जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिस भवन के लिए आवासीय अनुमति ली गई थी, उसका उपयोग गोदाम के रूप में किया जा रहा था। नगर पालिका अधिकारियों ने इसे नियमों का उल्लंघन और अनुमति की शर्तों का अतिक्रमण माना।स्थिति स्पष्ट होने के बाद नगर पालिका ने बर्तन दुकानदार को उसी शाम नोटिस थमाया।नोटिस में अवैध निर्माण हटाने और उपयोग परिवर्तन के लिए आवश्यक अनुमतियाँ लेने के निर्देश दिए गए। नपा ने चेतावनी दी कि तय समय में सुधार नहीं करने पर अतिक्रमण जबरन हटाया जाएगा।अभियान के दौरान आरआई कमल, इंजीनियर विवेक ठाकुर सहित नगर पालिका की टीम मौजूद रही।अधिकारियों ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
