
भोपाल। महिलाओं की प्रतिभा और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन रिफ्रेशिंग द्वारा फोर सीज़न बैंक्वेट हॉल कोहेफ़िज़ा में 13 और 14 दिसंबर को होने जा रहा है। इस प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आए लगभग 80 से ज्यादा स्टॉल लगेंगे। आयोजक अब्दुल रहमान रईस ने बताया कि प्रदर्शनी में रोजमर्रा में उपयोग होने वाली वस्तुएं कम कीमत पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को घरेलू उपयोग की कई चीजें एक ही स्थान पर कम दाम में सुलभ कराना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न सिर्फ खरीदारी का अवसर बनेगा बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का मंच भी प्रदान करेगा। प्रदर्शनी में कई ब्रांडेड कंपनियों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
प्रदर्शनी में खरीदारी के साथ बच्चों के लिए मनोरंजन की भी पूरी व्यवस्था की गई है। बच्चों के लिए खास प्ले जोन तैयार किया गया है, ताकि परिवार के सभी लोग आराम से कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
दूसरे दिन यानी 14 दिसंबर को बॉलीवुड सिंगर अपनी प्रस्तुति से शाम को रंगीन बनाएंगे। साथ ही महिलाओं के लिए अलग से सुरक्षित क्षेत्र निर्धारित किया गया है, जहां सुरक्षा और सुविधा की विशेष व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।
