नई दिल्ली, 12 दिसंबर, 2025: अवैध कफ सिरप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की लखनऊ यूनिट ने शुक्रवार को गोरखधंधे के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल से जुड़े उत्तर प्रदेश, गुजरात और झारखंड के विभिन्न ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। पिछले दो महीनों में इस अवैध व्यापार को लेकर 30 से अधिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं, जिसके आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने जांच प्रक्रिया शुरू की है।
ईडी की टीम ने लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी, जौनपुर, रांची और अहमदाबाद जैसे कई शहरों में छापे मारे। आशंका है कि इन स्थानों पर अवैध कफ सिरप का भंडारण किया गया था। कोडीन फॉर्मूले से बनी इन सिरप की अवैध बिक्री से हजारों करोड़ रुपये का अवैध व्यापार हुआ है। इस गोरखधंधे में शुभम जायसवाल को मुख्य आरोपी माना जा रहा है, जिनके सहयोगी आलोक सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह मामला बच्चों की मौत की खबरों के बाद सुर्खियों में आया है। मामला उजागर होने के बाद मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल गिरफ्तारी से बचने के लिए भारत छोड़कर दुबई भाग चुका है। हालांकि, उसके पिता भोला प्रसाद समेत 32 लोग मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इस बीच, उत्तर प्रदेश सरकार ने इस काला कारोबार की जांच के लिए एसआईटी का गठन भी किया है।

