सतना: मैहर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए एक ओर जहां 14 दलालों को गिरफ्तार कर लिया वहीं दूसरी ओर उनकी बाइक को भी जब्त कर लिया गया.थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं को परेशान करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. जिसे संज्ञान में लेते हुए कोतवाली और मैहर देवी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार की सुबह-सुबह मां शारदा देवी मार्ग पर दबिश दी.
रास्ते में वाहनों को रोककर श्रद्शालुओं को झांसा देते हुए अपनी-अपनी दुकानों तक ले जाने और फिर प्रसाद के नाम पर मनमानी वसूली करने वाले कुल 14 दलालों को पुलिस ने दबोच लिया. इसके साथ ही दलालों को दोपहिया वाहन भी जब्त कर लिए गए. मां शारदा मंदिर परिसर में मौजूद प्रसाद दुकान संचालकों द्वारा एक ओर जहां अप्रत्यक्ष तौर पर आटो चालकों के माध्यम श्रद्धालुओं से मनमानी वसूली की जाती है.
रेलवे स्टेशन और बस स्टैण्ड पर मौजूद आटो चालक श्रद्धालुओं को सीधे अपनी अनुबंधित दुकानों तक पहुंचा देते हैं. वहीं दूसरी ओर आधा सैकड़ा से अधिक ऐसे दलाल हैं जो बाइक पर घूमते हुए श्रद्धालुओं के वाहन रोक लेते हैं और उन्हें जबरदस्ती अपनी दुकानों तक ले जाते हैं. जिसके बाद प्रसाद के नाम पर श्रद्धालुओं के साथ मनमानी वसूली की जाती है.
इतना ही नहीं बल्कि यदि किसी श्रद्धालु द्वारा आपत्ति जताई जाती है तो दुकान संचालक और दलाल उनके साथ मारपीट करने पर भी उतारु हो जाते हैं. हलांकि यह समस्या पिछले कई दशकों से चलती आ रही है और समय समय पर पुलिस-प्रशासन द्वारा कार्रवाई भी की जाती है. लेकिन इसके बावजूद भी मैहर मंदिर परिसर में प्रसाद दुकान संचालकों की मनमानी वसूली पर पूरी तरह लगाम नहीं लग सकी है.
