
भोपाल। राजधानी में 13 और 14 दिसंबर को प्रदेश के सबसे बड़े बाल स्वास्थ्य सम्मेलन एमपी पीडिकॉन 2025 का आयोजन होने जा रहा है। सम्मेलन होटल सयाजी एनराइज वन विहार रोड पर अयोजित किया जाएगा। आयोजन एमपी इंटीग्रेटेड एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स और भोपाल एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। गुरुवार दोपहर नाइन मसाला में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ महेश महेश्वरी ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश भर से 750 से अधिक प्रतिनिधि और देश के प्रमुख पीडियाट्रिक विशेषज्ञ शामिल होंगे। आयोजन समिति के अनुसार इस बार देश के कई सुप्रसिद्ध विशेषज्ञ भोपाल पहुंच रहे हैं। डॉ महेश ने बताया कि इन दिनों बच्चों में कई गंभीर बीमारियां जन्म ले रही हैं। इनमें ब्लड प्रेशर, हार्ट, लीवर जैसी कई बीमारियां शामिल हैं। इनको देखते हुए ही सम्मेलन में बाल चिकित्सा से जुड़ी नई तकनीकों, क्लिनिकल निर्णय और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर दिया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य राज्य और देश में नवजात और छोटे बच्चों की बीमारी और मृत्यु दर कम करना भी है। सम्मेलन की एक बड़ी विशेषता 12 दिसंबर को होने वाली 7 प्री कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप्स हैं। इसमें नवजात देखभाल में नवीनतम प्रथाओं, कौशल,और क्लिनिकल निर्णय पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। सम्मेलन के मुख्य वैज्ञानिक सत्र 13 और 14 दिसंबर को तीन अलग अलग हॉल में चलेंगे। इसमें पीडियाट्रिक चिकित्सा के नवीन विकास, निवारक बाल स्वास्थ्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग का बाल स्वास्थ्य पर असर, पीडियाट्रिक गहन चिकित्सा और न्यूरो डेवलपमेंट से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे। जिनमें डॉ वसंत खलाटक मुंबई, डॉ नीलम मोहन गुरुग्राम, डॉ एम सिंगरखेोल्लु चेन्नई, डॉ योगेश पारिख सहित दिल्ली लखनऊ और बेंगलुरु के कई वरिष्ठ पीडियाट्रिशियन शामिल हैं। उनकी उपस्थिति से सम्मेलन की शैक्षणिक गुणवत्ता और भी बढ़ जाएगी।
