पीजी कॉलेज प्राचार्य से मारपीट करने वाला छात्र गिरफ़्तार, पुलिस ने साथी युवकों पर भी दर्ज किया केस

टीकमगढ़। शासकीय पीएम श्री पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केसी जैन के साथ मारपीट करने वाले मुख्य आरोपी छात्र प्रबल शुक्ला को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देश पर पुलिस ने प्रबल शुक्ला सहित उसके साथियों पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

घटना मंगलवार शाम की है। एमएससी फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र प्रबल शुक्ला कॉलेज की नई बिल्डिंग टैगोर भवन के अंदर बाइक ले जाने की जिद कर रहा था। प्राचार्य डॉ. जैन द्वारा बाइक पार्किंग में लगाने की समझाइश देने पर वह भड़क गया। दोपहर करीब 2.30 बजे वह लाल कोठी भवन स्थित कॉलेज कार्यालय पहुंचा और वहां गाली-गलौज की।

शाम 5.30 बजे जब प्राचार्य डॉ. जैन कॉलेज से घर जा रहे थे, तभी प्रबल शुक्ला अपने लगभग 15-20 साथियों के साथ पहुंचा और उनका रास्ता रोककर मारपीट की। घटना के बाद देर रात प्राचार्य और कॉलेज स्टाफ ने कोतवाली और एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को भी प्रोफेसर और स्टाफ ने प्राचार्य के साथ थाने पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

एसडीओपी राहुल कटारे ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रबल शुक्ला की गिरफ्तारी कर ली गई है और उसके साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने छात्रों पर बीएनएस की धारा 352, 115(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना को लेकर शहर में कड़ी निंदा की जा रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की उपद्रवी हरकतें न केवल शिक्षण संस्थानों की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि छात्रों का भविष्य भी अंधकार में धकेल देती हैं। नागरिकों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Next Post

तमिल संगमम ट्रेन का भव्य स्वागत 

Thu Dec 11 , 2025
जबलपुर। भारतीय रेलवे द्वारा एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करते हुए तमिलनाडु और काशी के मध्य प्राचीन सांस्कृतिक और भाषायी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से काशी तमिल संगमम 4.0 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जबलपुर स्टेशन पर […]

You May Like