
बेगमगंज। बालिकाओं से संबंधित अपराधों पर नियंत्रण किए जाने और असमाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने आज साफ संदेश दे दिया कि अब किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी नहीं चलेगी।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशानुसार , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुशे एवं एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आज थाना प्रभारी राजीव उइके ने पुलिसबल के साथ नगर की शैक्षणिक संस्थानों के आसपास एवं प्रांगण में औचक निरीक्षण किया। जिससे कन्या स्कूलों के आसपास मंडराने वाले असामाजिक तत्वों में खलबली मच गई और पुलिस की सघन चेकिंग अभियान की भनक लगते ही गायब हो गए।
टीआई राजीव उइके ने पीएमश्री शा. कन्या हॉयर सेंकडरी स्कूल के सामने पहुंचकर स्कूल के सामने एवं आसपास लगी दुकानों को सख्ती से हटावाकर दुकानदारों को चेतावनी दी कि आगे फिर से अतिक्रमण ना करें अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त दुकानों पर असामाजिकतत्वों का जमावड़ा ना लगे और छात्राओं को स्कूल आने जाने में कोई दिक्कत ना हो इसलिए हटना आवश्यक है।
उपरोक्त अतिक्रमण के खिलाफ स्कूल प्रबंधन भी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों सहित पुलिस को आवेदन दे चुका है।
गर्ल्स स्कूल पहुंचकर टीआई उइके ने शिक्षक- शिक्षिकाओं को अपनी -अपनी कक्षाओं में छात्राओं को असामाजिक तत्वों से बचकर रहने , किसी के झांसे में नहीं आने और अपने परिवार की इज्ज़त रखते हुए सीधे चुपचाप स्कूल आने पढ़ाई पर ही ध्यान देने ओर घर जाने के साथ सोशल मीडिया से दूर रहने के लिए गाइड करें ताकि वो किसी भी प्रकार के गलत रास्ते पर ना जाएं।
थाना प्रभारी राजीव उइके ने बताया कि सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा और मजनूओं की धरपकड़ के लिए मुखबिर तंत्र के साथ सादा कपड़ों में पुलिस कर्मियों को भी लगाया जा रहा है। सभी शिक्षक – शिक्षिकाओं सहित छात्राओं को मोबाइल नम्बर नोट करा दिए गए हैं। ताकि विकट परिस्थितियों में तत्काल पुलिस को सूचित करें।
