नयी दिल्ली,11 दिसंबर (वार्ता) लोकसभा में गुरुवार को देश के अन्य शिक्षकों की तरह पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षकों की पेंशन बहाल करने की मांग की गयी है।
भाजपा के योगेन्द्र चंदोलिया ने शून्यकाल के दौरान इस मामले को उठाया। उन्होंने कहा कि पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षकों को पेंशन नहीं मिलती है। पूरे देश में 668 पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षकों को पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। इन शिक्षकों की छुट्टियां भी नहीं मिलती है। वर्ष 2004 से पहले और उसके बाद भर्ती होने वाले सभी शिक्षकों को पेंशन दी जाये तथा उनके साप्ताहिक अवकाश की भी व्यवस्था की जाये।
तृणमूल कांग्रेस के प्रोफेसर सौगत राय ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर बंगाल के अधिकार छीने जा रहे हैं। राज्य को मिलने वाली ज्यादातर योजनाओं की राशि रोक रखी है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने एक अगस्त 2025 तक मनरेगा की सारी धनराशि जारी करने का निर्देश दिया था लेकिन फिर भी धनराशि नहीं जारी की गयी है। सरकार ने 2022 से मनरेगा की राशि नहीं जारी की है। केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल के साथ पक्षपात कर रही है।
