
बैतूल। भीमपुर और चिचोली जनपद पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुए 13 करोड़ के घोटाले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस बड़े वित्तीय भ्रष्टाचार में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह परिहार अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 19 मार्च 2025 को स्वच्छ भारत मिशन की राशि से 13 करोड़ 21 लाख 71 हजार 220 रुपये के गबन की शिकायत दर्ज हुई थी। मामले की जांच के दौरान तीन आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, वहीं आज चौथे आरोपी युमेंद्र उर्फ दीपक रहांगडाले निवासी इंदौर को एसआईटी टीम ने इंदौर से अभिरक्षा में लिया।
जांच में सामने आया कि घोटाले की गबन राशि में से 2 करोड़ 63 लाख रुपये “शॉपिंग भंडार” नामक फर्म के खाते में ट्रांसफर हुए थे। यह फर्म आरोपी युमेंद्र उर्फ दीपक की बताई गई है। फर्म के खाते में चिचोली जनपद से 1 करोड़ 64 लाख 64 हजार रुपये तथा जनपद भीमपुर से 98 लाख 56 हजार रुपये जमा हुए थे। आरोपी द्वारा इन राशियों में से कुछ धनराशि मुख्य आरोपी राजेंद्र परिहार के निर्देश पर अन्य खातों में भेजी गई, जबकि लगभग 50 लाख रुपये उसके स्वयं के एनजीओ “शिक्षा लाइब्रेरी” के खाते में ट्रांसफर किए गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त फर्म के बैंक खाते को ब्लॉक करवा दिया है, जिसमें अभी भी 23 लाख रुपये शेष पाए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी भी कई आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तारी में एसडीओपी शाहपुर, थाना प्रभारी चिचोली, थाना प्रभारी शाहपुर, उप निरीक्षक दिलीप यादव, रवि शाक्य और साइबर टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
