सतना: मंगलवार सुबह एक गंभीर हादसा होते होते तब टल गया जब बच्चों को स्कूल ले जा रही एक बोलेरो सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खाम्हा खूजा के पास नाले में जा घुसी। वाहन में क्षमता से अधिक 20 से 25 बच्चे सवार थे, लेकिन सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी को चोट नहीं आई।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह लगभग 11 बजे हुई।
शिवम हाई स्कूल के बच्चों को उनके घरों से स्कूल ले जा रही बोलेरो का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। इसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में उतर गया। घटना होती देख वहां पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बोलेरो में फंसे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।इस घटना ने स्कूल प्रबंधन और वाहन चालक की लापरवाही को उजागर किया है, क्योंकि वाहन में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक बच्चे सवार थे।
फिर उजागर हुई लापरवाही
यह तो गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई, लेकिन घटना ने स्कूल प्रबंधन और वाहन चालक की गंभीर लापरवाही को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग चालक की लापरवाही को देख आक्रोशित हो गए और जमकर लताड़ लगाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो अचानक मुड़ी और सीधे नाले में उतर गई। अगर वाहन की रफ्तार तेज होती या सामने से कोई वाहन आ रहा होता, तो एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
