
भोपाल। शहर में लोगों को मेट्रो की सौगात 21 दिसंबर से मिलने जा रही है. मेट्रो प्रबंधन ने शुभारंभ की तारीख का ऐलान होने के बाद से तैयारियां और तेज कर दी है. भोपाल में सुभाष फाटक से एमपीनगर होते हुए एम्स स्टेशन तक मेट्रो दौड़ेगी. सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि सुभाष फाटक या रानी कमलापति स्टेशन से मेट्रो संचालन का शुभारंभ हो सकता है. इस दौरान शुभारंभ के समय चलाई जाने वाली संबंधित मेट्रो ट्रेनों के सजावट का काम भी किया जा रहा है. भोपाल में जिन मेट्रो स्टेशनों पर मेट्रो चलेगी, वहां यात्री सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है. इसके साथ ही अन्य मेट्रो स्टेशनों के निर्माण का काम लगातार जारी रहेगा, जिसे एक निश्चित समयावधि में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
मेट्रो प्रबंधन से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि शुरुआती समय में सुबह 8 बजे से रात के 8 बजे तक मेट्रो के संचालन की तैयारी बनाई है. 12 घंटे तक मेट्रो के संचालन की सुविधा मिलने से भोपालवासियों के लिए आवागमन सुगम हो सकेगा. प्रत्येक 30 मिनट के बाद स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेन के आने से यात्रीगण कुछ ही मिनटों में अपना सफर पूरा कर पायेंगे.
यात्री सुविधा को लेकर तैयार हुए स्टेशनों पर लिफ्ट, एक्सीलेटर, प्रवेश, निकासी द्वार के कार्यों को लगभग पूरा भी कर लिया गया है. इंजीनियर समय-समय पर लगातार इसकी जांच भी करते नजर आ रहे हैं. इसके साथ टिकट काउंटर पर किसी तरह की असुविधा न हो इसका भी विशेष ध्यान दिया गया है. बता दें कि भोपाल में मेट्रो के चलने के दिन और तारीख का ऐलान खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कर दिया है. भोपाल मेट्रो के शुभारंभ के मौके पर पीएम मोदी कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हो सकते हैं. कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के भोपाल आने की भी संभावना है. मुख्यमंत्री मोहन यादव की अगुवाई में भोपाल मेट्रो का शुभारंभ होगा.
