नयी दिल्ली, 09 दिसंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चावल के औसत भाव टूट गये। चावल के साथ गेहूं में भी नरमी रही जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत पांच रुपये घटकर 3,853.85 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 11 रुपये सस्ता हुआ और 2,847.41 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत कमोबेश अपरिवर्तित रही।
दाल-दलहनों में मूंग दाल 14 रुपये और मसूर दाल 11 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। तुअर दाल की कीमत 18 रुपये और उड़द दाल की आठ रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। चना दाल में टिकाव रहा।
विदेशों में बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का फरवरी वायदा 11 रिंगिट चढ़कर 4,104 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। वहीं, जनवरी का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.08 प्रतिशत गिरकर में 51.14 डॉलर के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सोया तेल औसतन आठ रुपये प्रति क्विटल महंगा हुआ। सरसों तेल की कीमत 99 रुपये और वनस्पति की 34 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। पाम ऑयल में 26 रुपये और मूंगफली तेल में 18 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही। सूरजमुखी तेल छह रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया।
मीठे के बाजार में आज गुड़ की औसत कीमत 13 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। वहीं, चीनी पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही टिकी रही।
