.
इंदौर. प्रशासनिक बाधाओं के बीच इंदौर जिले के प्रभावित किसानों ने सोमवार को कनाड़िया से ट्रैक्टर रैली निकाली और प्रदेश सरकार पर किसान विरोधी नीतियों का आरोप दोहराया.
आउटर रिंग रोड और ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के विरोध में किसानों की किसान न्याय यात्रा सोमवार को प्रशासन की रोक टोक के बावजूद कनाड़िया से रवाना हुई.। किसान नेता हंसराज मंडलोई ने बताया कि मंत्री तुलसी सिलावट के दबाव में प्रशासन ने रैली रोकने की कोशिश की, लेकिन बड़ी संख्या में किसानों ने कांग्रेस नेताओं के साथ मिलकर ट्रैक्टर रैली निकाली. यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस नेता विजय बंटी राठौर ने किया. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल भी यात्रा में शामिल हुए और किसानों को समर्थन देने की बात कही. रास्ते भर बेगमखेड़ी, खत्रीखेड़ी, बुराणाखेड़ी, बड़ौदा दौलत, जालोद केहू और सेमलियाचाऊ सहित कई गांवों में रैली का स्वागत हुआ. खुडेल पहुंचने पर सभा में कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया. प्रभावित किसानों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर आउटर रिंग रोड व ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को तत्काल रद्द करने, इंदौर बुधनी रेलवे लाइन के लिए बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा देने और इंदौर–मनमाड़ परियोजना में मध्यप्रदेश में कम मुआवजा देने पर आपत्ति जताई. किसानों ने सांवेर विधायक और मंत्री तुलसी सिलावट को किसान विरोधी बताते हुए राज्यपाल से उन्हें पद से हटाने की मांग भी की.
