
सागर। कलेक्टर संदीप जी आर के निर्देश तथा उपसंचालक कृषि के मार्गदर्शन में आज बीना विकासखंड के गल्ला मंडी प्रांगण में प्राकृतिक एवं जैविक हाट बाजार का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्र विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र की जनपद अध्यक्ष श्रीमती उषा राय उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिन किसानों ने प्राकृतिक एवं जैविक पद्धति से फसल या सब्जियों का उत्पादन किया है, उन्होंने अपने-अपने स्टॉल लगाए, जो पूर्णतः जैविक उत्पादों से सुसज्जित थे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेती-किसानी में रसायनों का कम से कम उपयोग कर प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देना, तथा स्वस्थ शरीर, स्वस्थ पर्यावरण और स्वस्थ समाज की दिशा में लोगों को प्रेरित करना है। साथ ही इस हाट बाजार का उद्देश्य यह भी है कि जैविक उत्पादन करने वाले किसानों को उनके उत्पादों का सही और उचित मूल्य प्राप्त हो।
यह हाट बाजार प्रत्येक सप्ताह एक दिन मंडी प्रांगण में ही लगाया जाएगा। केवल वे किसान, जो प्राकृतिक व जैविक विधि से फसल उगाते हैं और रजिस्टर्ड हैं, वही इस बाजार का हिस्सा बन सकेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के उन्नत एवं प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कृषि विभाग की ओर से खुरई के एसडीओ जयदत्त शर्मा, नायब तहसीलदार हेमरज मेहर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बीना अवधेश राय एवं राजू चौहान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी खुरई तथा सभी कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र के जनप्रतिनिधि राजा बाबू यादव, शैलेश शाह, राजेंद्र ठाकुर, रतन यादव, राजा भाई ठाकुर, सौरभ अग्रवाल, जनपद उपाध्यक्ष अमर प्रताप सिंह, राजेंद्र ठाकुर, अजय पटेल, वीर भद्र बुंदेला (पिपरासर) तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। प्राकृतिक जैविक हाट बाजार के शुभारंभ ने क्षेत्र में जैविक कृषि को नई गति और नई दिशा प्रदान की है।
