बेनिन ने नाइजीरिया की मदद से तख्तापलट की कोशिश की नाकाम

अबुजा, 08 दिसंबर (वार्ता) पश्चिम अफ्रीकी देश बेनिन में नाइजीरियाई सेना ने वहां के सुरक्षा बलों की सहायता करते हुए तख्तापलट की कोशिश को नाकाम किया है।

बेनिन के राष्ट्रपति कार्यालय ने रविवार को एक बयान में बताया कि बेनिन ने नाइजीरिया से तुरंत हवाई सहायता देने और नाइजीरियाई सैनिकों को भेजने की मदद मांगी थी, ताकि देश के संविधान और संस्थाओं की रक्षा की जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बेनिन के अनुरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबु ने नाइजीरियाई सशस्त्र बलों को बेनिन में तख्तापलट की कोशिश करने वाले समूह को रोकने में मदद करने का तुरंत आदेश दिया।

बेनिन की ओर से जारी इस बयान में कहा गया, “सरकार के वफादार सैनिकों ने नाइजीरिया की मदद से नेशनल टीवी पर नियंत्रण हासिल करने और तख्तापलट की कोशिश करने वालों को कुछ घंटों में बाहर निकाल दिया।”

पश्चिम अफ्रीकी राज्यों के आर्थिक समुदाय (इकोवास) ने रविवार को बताया कि उसने बेनिन में अपनी सेना भेजने का आदेश दिया। इस बल में नाइजीरिया, सिएरा लियोन, कोट डी’इवॉर और घाना के सैनिक शामिल थे। इनका काम सरकार और सेना की मदद करना था, ताकि देश में संवैधानिक व्यवस्था और क्षेत्रीय अखंडता बनी रहे।

गौरतलब है कि बेनिन के ही कुछ सैनिकों ने रविवार को ही सरकारी टेलीविजन पर घोषणा की थी कि राष्ट्रपति पैट्रिस टैलोन को ‘पद से हटा दिया गया है।’ तख्तापलट की यह घोषणा आने के कुछ घंटे बाद बेनिन के गृह और सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री अलासाने सेइदू ने बताया कि सेना ने इस बगावत की कोशिश को नाकाम कर दिया है।

Next Post

हम आत्मरक्षा के अधिकार का इस्तेमाल करेंगे : थाई प्रधानमंत्री

Mon Dec 8 , 2025
बैंकॉक, 08 दिसंबर (वार्ता) थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने सोमवार को कहा कि कंबोडिया के साथ सीमा पर चल रही झड़पों के जवाब में थाईलैंड राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए “आत्मरक्षा के अपने वैध अधिकार” का इस्तेमाल करेगा। श्री चर्नविराकुल ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के […]

You May Like