माइकल नीसर का पंजा, ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को आठ विकेट से हराया

ब्रिस्बेन, 07 दिसंबर (वार्ता) माइकल नीसर (पांच विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के चौथे दिन रविवार को इंग्लैंड को दूसरी पारी में 241 के स्कोर पर समेटने के बाद जीत के लिए मिले 65 रनों के लक्ष्य को 10 ओवर में हासिल कर मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।

65 रनों के लक्ष्य के लिए जेक वेदरॉल्ड और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी की शुरुआत की और जीत की ओर बढ़ रहे थे इसी दौरान छठें ओवर में गस ऐटकिंसन ने ट्रेविस हेड को बोल्डकर इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई। ट्रेविस हेड ने 22 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 22 रनों की पारी खेली। आठवें ओवर में गस ऐटकिंसन मार्नस लाबुशेन (तीन) को आउटकर अपना दूसरा शिकार किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान स्टीव स्मिथ ने जेक वेदरॉल्ड के साथ संभलकर खेलते अपनी टीम को 10 ओवर में दो विकेट पर 69 रन बनाकर आठ विकेट से जीत दिला दी। स्मिथ ने ऐटकिंसन की गेंद पर छक्का उड़ाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। स्मिथ ने नौ गेंदों में नाबाद 23 रन बनाये। वहीं जेक वेदरॉल्ड ने 23 गेंदों में नाबाद 17 रनों की पारी खेली।

इंग्लैंड के लिए गस ऐटकिंसन ने दो विकेट लिये।

इससे पहले आज यहां इंग्लैंड ने कल के छह विकेट पर 134 रन से आगे खेलना शुरु किया। इंग्लैंड का सातवां विकेट विल जौक्स के रूप में 224 के स्कोर पर गिरा। विल जौक्स ने 92 गेंदों में दो चौकों की मदद से 41 रन बनाये। उन्हें माइकल नीसर ने आउट किया। इसके बाद नीसर ने कप्तान बेन स्टोक्स का भी शिकार कर लिया। बेन स्टोक्स ने 152 गेंदों में चार चौकों की मदद से 50 रनों की पारी खेली। गस ऐटकिंसन (तीन) रन बनाकर आउट हुये। नीसर ने 76वें ओवर में ब्राइडन कार्स (सात) को आउट कर इंग्लैंड की दूसरी पारी को 241 के स्कोर पर समेट दिया। ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में जीत के लिए 65 रनों का लक्ष्य मिला।

ऑस्ट्रेलिया के लिए माइकल नीसर ने पांच विकेट लिये। मिचेल स्टार्क और स्टॉक बोलैंड को दो-दो विकेट मिले। ब्रेंडन डॉगेट ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इंग्लैंड ने पहली पारी में 334 रन बनाये थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 511 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर 177 रनों की बढ़त हासिल की।

 

Next Post

मुख्यमंत्री साहा ने त्रिपुरा में किया पहले गोल्फ टूर्नामेंट शुभारंभ

Sun Dec 7 , 2025
अगरतला, 07 दिसंबर (वार्ता) त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने रविवार को त्रिपुरा गोल्फ एसोसिएशन (टीजीए) और बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय द्वारा भारत गोल्फ महोत्सव के तहत यहां पूर्वोत्तर में आयोजित पहले गोल्फ टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। टूर्नामेंट में देशभर विभिन्न क्षेत्रों के 30 से अधिक गोल्फर शामिल हुए। आज […]

You May Like