मॉस्को, 07 दिसंबर (वार्ता) रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसके त्सेन्ट्र बैटलग्रुप ने यूक्रेन की रोवनोये बस्ती पर कब्जा कर लिया है। यह समूह दिमित्रोव में यूक्रेनी सैनिकों के खिलाफ जोरदार कार्रवाई कर रहा है और डोनेट्स्क पीपल्स रिपब्लिक में ग्रिशिनो क्षेत्र को सैनिकों से मुक्त करा रहा है।
मंत्रालय ने कहा कि त्सेन्ट्र बैटलग्रुप की इकाइयों ने ‘डोनेट्स्क पीपल्स रिपब्लिक की रोवनोये बस्ती को आजाद कराने का काम पूरा कर लिया है। रूसी सेना ने इस क्षेत्र के एक और गांव को घेर लिया है। बैटलग्रुप ने दावा किया है कि शनिवार को विभिन्न मोर्चों पर उसके अभियान में 480 यूक्रेनी सैन्यकर्मी मारे गये हैं।
गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है, जबकि युद्ध खत्म करने के लिए शांति वार्ता तेज हो गई है, जिसमें मियामी में यूक्रेन-अमेरिका के बीच विस्तृत बातचीत भी शामिल है। बातचीत का मकसद दोनों पक्षों को स्वीकार्य शांति समझौता तैयार करना है। रूसी समाचार एजेंसी ने कहा कि यूक्रेन ने रूस के जापद बैटलग्रुप के हाथों 220 और लड़ाके खो दिए।
समाचार एजेंसी ने कहा कि रूसी सशस्त्र बलों ने रातभर यूक्रेनी सेना से जुड़े ऊर्जा और परिवहन सुविधाओं पर हमले किए, जिसमें हाइपरसोनिक किंझल मिसाइलों का भी इस्तेमाल किया गया। रूसी सशस्त्र बलों ने 140 इलाकों में एक यूक्रेनी सैन्य हवाई अड्डे, ईंधन डिपो और यूक्रेनी सैनिकों और भाड़े के सैनिकों के अस्थायी तैनाती स्टेशनों को निशाना बनाया।
रूसी वायु रक्षा ने शनिवार को दो गाइडेड हवाई बम, चार लंबी दूरी की नेपच्यून गाइडेड मिसाइलें और 172 यूक्रेनी ड्रोन भी मार गिराए।
