देवास-उज्जैन मार्ग पर हादसा, 2 युवकों की मौके पर मौत

उज्जैन। देवास रोड पर शनिवार सुबह तडक़े एक बड़ी सडक़ दुर्घटना हो गई। आयशर स्कॉर्पियो की टक्कर में स्कॉर्पियो सवार दो दोस्तों की मौके पर मौत हो गई। आधार कार्ड मिलने पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। एक मृतक युवक का अगले महीने विवाह होना था। दोनों दोस्त की शादी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।

नरवर थाना पुलिस ने बताया कि तडक़े 4 बजे के लगभग दताना मताना में आयशर और स्कॉर्पियो के बीच भिड़ंत होने की सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। स्कॉर्पियो में 2 युवक सवार थे। दोनों की मौके पर मौत हो चुकी थी। दोनों वाहन आमने-सामने से टकराए थे जिसके चलते उन्हें अलग करने के लिए क्रेन को बुलाना पड़ा। कार से दोनों युवकों को निकालने पर उनके पास मिले आधार कार्ड से पहचान विशाल पिता भगवान सिंह 26 वर्ष निवासी ग्राम तोली राजगढ़ और संदीप पिता सज्जन सिंह पटेल 35 साल निवासी असलाना बडऩगर के रूप में हुई। दोनों की बॉडी पोस्टमार्टम के लिए और परिजनों को सूचना दी गई। दुर्घटना के बाद आयशर का चालक भाग निकला था। जिसे जप्त किया गया है। परिजनों के उज्जैन पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचने के बाद सामने आया कि विशाल एमबीए का छात्र था और अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। परिवार उसकी शादी की तैयारी में लगा था 12 जनवरी को विवाह होना था। संदीप कृषि का काम करता था और एक बेटी का पिता था। परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त थे शुक्रवार को उज्जैन स्थित इंदिरा नगर में रहने वाले दोस्त पवन सोनी की शादी थी। जिसकी बारात में शामिल होने के लिए नरवर गए थे। रात में विवाह समारोह का कार्यक्रम पूरा होने के बाद सुबह वापस बडऩगर लौट के लिए निकले थे। पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना का प्रकरण दर्ज किया गया है। देवास रोड पर पिछले कुछ समय से लगातार दुर्घटना होना सामने आ रहा है। चार दिन पहले ही ड्राइवर को ट्रक ने कुचल दिया था, इससे पहले दो बाइक सवार युवकों को ट्रक ने रौंदा था जिनकी मौके पर मौत हो गई थी। देवास रोड के हाईवे में तब्दील होने और गरोठ ब्रिज बनने के बाद से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है।

Next Post

होमगार्ड्स स्थापना दिवस: महापौर ने ली सलामी ,जवानों का किया सम्मान

Sat Dec 6 , 2025
छिंदवाड़ा. डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय परिसर में शनिवार को होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा संगठन का 79 वां स्थापना दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम महापौर विक्रम अहके तथा कलेक्टर हरेंद्र नारायन कार्यक्रम में शामिल हुए। नगर निगम महापौर अहके ने परेड […]

You May Like