
इंदौर। शहर में सक्रिय हथियार तस्करों के खिलाफ जोन-01 पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की. रात्रि गश्त के दौरान मिली सूचना पर घेराबंदी कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया. जिनके बैग से चार देशी पिस्टल और दो मैगजीन बरामद हुईं. आरोपी हरियाणा और दिल्ली के रहने वाले हैं और हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका के चलते उनसे पूछताछ की जा रही है.
पुलिस उपायुक्त जोन-01 कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि एडीसीपी दिशेष अग्रवाल और एसीपी निधि सक्सेना के मार्गदर्शन में राऊ पुलिस देर रात गश्त रही थी, इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राऊ गोल चौराहा क्षेत्र में कुछ युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं. सूचना की पुष्टि होते ही थाना प्रभारी ने टीम के साथ एबी रोड स्थित पपाया ट्री होटल के पास घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही तीन संदिग्ध युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कड़ी होने से उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया. तलाशी में उनके पिट्ठू बैग से कपड़ों के बीच छुपाई गई चार अवैध देशी पिस्टल और दो मैगजीन मिलीं. प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी हरियाणा और दिल्ली के रहने वाले हैं और प्रदेश में हथियार सप्लाई करने की फिराक में थे. पकड़े गए आरोपियों में 23 वर्षीय सुमित निवासी बरवाला हिसार, 28 वर्षीय अमन निवासी बवाना दिल्ली के साथ 21 वर्षीय विक्रम निवासी हसनगढ़ हिसार को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. आरोपियों से पूछताछ में सप्लाई नेटवर्क, स्रोत और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस टीम इस कार्रवाई के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुट गई है.
