
रीवा। सत्र 2025-26 की राज्य स्तरीय वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता का दो दिवसीय शुभारंभ शासकीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय खेल मैदान में हुआ. शुभारंभ के मुख्य अतिथि डा. आर.पी सिंह एडी रीवा रहे. अध्यक्षता प्राचार्य डा. अर्पिता अवस्थी ने की. प्रदेश के 11 विश्वविद्यालयों की टीमे प्रतियोगिता में भाग ले रही है.
पहले मुकाबले में छिंदवाड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छतरपुर को 3-1 से पराजित कर विजयी शुरुआत दर्ज की. दूसरे मैच में सागर की टीम ने पूरी बढ़त बनाए रखी और खरगोन को 3-0 से हराकर जीत अपने नाम की. तीसरे मुकाबले में जबलपुर ने मजबूत खेल दिखाते हुए उज्जैन को 3-0 से पराजित किया. चौथे मैच में भोपाल की टीम ने शहडोल पर 3-0 से निर्णायक जीत हासिल की. अपने स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी ने कहा कि महाविद्यालय सदैव छात्रों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण हेतु खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है. उन्होंने सभी खिलाडिय़ों, टीम मैनेजरों, कोचों एवं निर्णायकों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं. मुख्य अतिथि डॉ. आर.पी. सिंह ने अपने उद्बोधन में खेल को शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि ऐसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ खेल संस्कृति को मजबूत बनाती हैं और युवा प्रतिभाओं को उत्कृष्ट मंच प्रदान करती हैं. उन्होंने सभी 11 विश्वविद्यालयों की टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
